मिट्टी पर 'राम-राम' लिखने के बाद युवक ने बाग में फंदा लगाकर दी जान

 


कानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। साढ़ थाना क्षेत्र के खडरी गांव के पास बुधवार को एक युवक का शव बाग में नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले पेड़ के नीचे मिट्टी पर 'राम-राम' लिखा था और अपने परिजनों को फोन कर जान देने की बात भी कही थी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

खडरी गांव निवासी शशि कुमार पाल (33) तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह विवाहित था और उसकी दो वर्ष की एक बेटी है। आज वह घर से निकला और गांव के पास स्थित एक बाग में पहुंच गया। वहां उसने नीम के पेड़ के नीचे मिट्टी पर 'राम-राम' लिखा। इसके बाद उसने अपने पिता और पत्नी को फोन कर आत्महत्या की बात बोलकर फांसी लगा ली।

परिजनों ने जब उससे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण उसकी तलाश में निकल पड़े। कुछ देर बाद बाग में नीम के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे उसका शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

सांढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप