संदिग्ध हालात में युवक की मौत, ससुरालियों पर हत्या का आरोप

 


कानपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित परमियापुरवा में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गई।

परमियापुरवा निवासी राजीव निषाद (30) की शादी 23 अप्रैल 2022 को चौबेपुर के पचोर गांव निवासी अंजलि से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। राजीव के पिता यतीराम वीरेंद्र स्वरूप विद्यालय में नौकरी करते हैं। राजीव के ममेरे भाई रंजीत ने बताया कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि अंजलि के किसी युवक से प्रेम संबंध होने की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। इसी विवाद के बाद अंजलि पहले भी मायके चली गई थी। उस समय थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। करीब एक सप्ताह पहले फिर विवाद होने पर वह मायके चली गई थी।

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात अंजलि और उसके भाई के बीच फोन पर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद रात करीब एक बजे अंजलि अपने माता-पिता आशा व राजू और भाईयों राम व श्याम के साथ राजीव के घर पहुंची। वहां राजीव के साथ मारपीट की गई। वह बचकर दूसरे घर पहुंचा और माता-पिता को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने घर से नकदी और जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया। राजीव ने रात में 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। परिजन उसे हैलट अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने शुक्रवार सुबह उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। नवाबगंज थाना प्रभारी राजकेसर यादव ने बताया कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप