खेत में मेड़ बांधते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आया युवक, मौत

 


जौनपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मीरगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में गुरुवार दोपहर खेत में मेड़ बांधने गए एक युवक की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मोलनापुर गांव निवासी रामबरन चौहान का पुत्र सतीश कुमार (23) गुरुवार दोपहर खेत में मेड़ बांधने गया था। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच तेज चमक और गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से सतीश गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों के अनुसार सतीश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां फूलकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजस्व विभाग के सहयोग से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव