तालाब किनारे झूल रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर युवक की मौत
कानपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को तालाब किनारे मछली पकड़ने गए युवक की 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।
खेरसा गांव निवासी विनोद का बेटा सीबू (20) ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। आज वह दो साथियों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब में मछली पकड़ने गया था। तालाब के किनारे से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन काफी नीचे झूल रही थी। मछली पकड़ने के दौरान सीबू का हाथ अचानक बिजली के तार से छू गया। उसे करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और वह बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर गया। उसके दोनों साथी हादसे में बाल-बाल बच गए।
सीबू के साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में सीबू को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता विनोद और कमला का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीबू तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अपने माता-पिता के साथ रहता था। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से नीचे झूल रही थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली के तार को ठीक करा दिया जाता तो हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी रही।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान परिजनों ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। काफी देर बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप