खेत में लगे नीम के पेड़ पर युवक का शव झूलता मिला

 


हमीरपुर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थानाक्षेत्र के न्यूरिया गांव में शराब पीकर घर आने पर पत्नी से झगड़कर चार दिन पहले भागा युवक सोमवार को खेत में लगे नीम के पेड़ में फांसी पर झूलता मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बिवांर थानाक्षेत्र के न्यूरिया गांव निवासी शिवपूजन (46) पुत्र त्रिलोका श्रीवास बीते गुरुवार को रात शराब के नशे में घर आया और पत्नी गोमती द्वारा शराब पीने को मना करने पर झगड़ा कर घर से बाहर निकल गया था। परिजन युवक की तलाश आसपास रिश्तेदारों में करते रहे। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

सोमवार को कैमोखर गांव के चरवाहा अपने जानवरों को चराने कैमोखर न्यूरिया मौजा के खेतों की ओर गए। जहां खेत में लगे नीम के पेड़ में पतले तार से बने फांसी के फंदे में शिवपूजन का शव झूलता मिला। चरवाहों ने इसकी सूचना प्रधान प्रतिनिधि बच्चा लाल को दी। बच्चा लाल ने कुनेहटा चौकी प्रभारी रवींद्र कुमार को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक राजमिस्त्री का कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री, तीन पुत्रों को रोते-बिलखते छोड़ गया है।

थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा