प्रेमिका के घर मिलने पहुंचे युवक ने फांसी लगाकर दी जान
कानपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमिका के घर पहुंचे प्रेमी ने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। महिला ने उसे मिलने के लिए घर बुलाया था। इसी दौरान महिला के देवर ने उसे कमरे में देख लिया और बाहर से कुंडी बंद कर दी। इसकी जानकारी होने पर घर में विवाद शुरू हो गया। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग जाग गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो युवक का शव लोहे के एंगल से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र स्थित मोहन खेड़ा गांव निवासी शिव प्रताप सिंह (25) उर्फ सौरव के रूप में हुई। घटना घाटमपुर के रवाईंपुर गांव की है। शिव प्रताप की करीब तीन साल पहले फेसबुक के जरिए रवाईंपुर निवासी पूजा से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। पूजा की शादी आशुतोष सोनकर से हुई है। वह ललितपुर नगर पालिका में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उनके दो बच्चे हैं।
बताया गया कि मंगलवार देर रात शिव प्रताप अपनी बाइक काे गांव के बाहर खड़ी करके पूजा के घर पहुंचा था। पूजा ने उसे एक कमरे में बैठाया और बच्चे को सुलाने की बात कहकर दूसरे कमरे में चली गई। इसी दौरान पानी पीने के लिए उठे पूजा के देवर ने कमरे में अनजान युवक को देखा और बाहर से कुंडी बंद कर दी। इसके बाद उसने परिवार के अन्य लोगों को बुला लिया।
इस बात को लेकर पूजा और उसके देवर के बीच कहासुनी होने लगी। शोर सुनकर घर के बाकी लोग भी जाग गए। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो शिव प्रताप का शव साड़ी के फंदे से लोहे के एंगल पर लटका मिला।
मृतक के पिता सूरजभान सिंह ने बताया कि उनका बेटा प्रेमिका से मिलने गया था। बुधवार सुबह नौरंगा चौकी इंचार्ज रवि ने फोन कर घटना की जानकारी दी और पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचने को कहा। पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बुधवार को बताया कि युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप