संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाई, जांच में जुटी पुलिस।
अमेठी, 02 अप्रैल (हि.स.)। नगर पंचायत मुसाफिरखाना के वार्ड नंबर 4 में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है । मृतक की पहचान सूरज पाठक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक का परिवार मूल रूप से पलटन बाजार सदर कोतवाली प्रतापगढ़ का निवासी है और वर्तमान में मुसाफिरखाना के वार्ड नंबर 4 में किराये के मकान में रह रहा था। मृतक के पिता कृपा शंकर पाठक ने बताया कि उनकी पत्नी का ब्रेन हैमरेज का इलाज चल रहा है। वह सोमवार को इलाज के लिए बाहर गए थे और बुधवार को वापस लौटे। बुधवार की रात सूरज का शव घर में फांसी के फंदे से लटकता मिला। जिसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मुसाफिरखाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
मुसाफिरखाना कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने गुरुवार को बताया कि सूरज नशे का आदी था और डिप्रेशन से ग्रसित था। घटना रात की है, परिजनों से सूचना मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी