कोविड में माता-पिता खोने वाले बच्चों के भविष्य के प्रति संवेदनशील है योगी सरकार : प्रवीण पटेल

 


मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 52 बच्चों को मिले लैपटॉप, शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार कोविड में माता-पिता खोने वाले इन बच्चों के भविष्य को लेकर संवेदनशील है। यह बातें शुक्रवार को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के अंतर्गत विकास भवन स्थित सरस सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने कही।

उन्होंने कहा कि यह लैपटॉप बच्चों की पढ़ाई में सहायक होने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल युग के अनुरूप सक्षम बनाएंगे।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ मिल सके। साथ ही कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के तहत विकास भवन स्थित सरस सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कोविड-19 महामारी में अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो चुके बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने 52 लाभार्थी बच्चों को लैपटॉप प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ ), परियोजना निदेशक (पीडी) और जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) प्रयागराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने मुख्य अतिथि और सभी उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। लैपटॉप पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सरकार की इस पहल के प्रति आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल