दलित हितों की रक्षा और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही योगी सरकार : डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल
कानपुर, 21 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दलित समाज के सच्चे हितैषी हैं। उनकी सरकार दलितों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में दलित सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। यह बातें गुरुवार को विधान परिषद सदस्य और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के पूर्व चेयरमैन डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहीं।
कैंट स्थित सर्किट हाउस में दैवीय आपदा प्रबंधन एवं जांच समिति की समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. निर्मल ने सीवर सफाई, आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना सुरक्षा उपकरणों के किसी भी सफाई कर्मी को सीवर में न उतारा जाए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बरसात से पहले जलभराव वाले क्षेत्रों में सभी तैयारियां समय से पूरी करने और आपदा से निपटने के लिए विभागों को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए।
पत्रकार वार्ता में डॉ. निर्मल ने कहा कि योगी सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में उनके चित्र स्थापित कराए हैं। लखनऊ के ऐशबाग क्षेत्र में आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है, जहां 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा, पुस्तकालय, संग्रहालय, विपश्यना केंद्र और आधुनिक प्रेक्षागृह विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण, बाउंड्रीवाल और छत्र निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से हाथ से मैला उठाने जैसी अमानवीय प्रथा पर प्रभावी रोक लगी है।
डॉ. निर्मल ने कहा कि सीवर हादसे में सफाई कर्मी की मृत्यु होने पर परिजनों को 30 लाख रुपये मुआवजा और आपदा राहत कोष से अतिरिक्त चार लाख रुपये सहायता दिए जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राशि दोषी संस्था या जिम्मेदार व्यक्ति से वसूली जाएगी। साथ ही स्टैंड अप इंडिया योजना के तहत अनुसूचित जाति युवाओं को 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप