योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम : डॉ. भरत राज सिंह
लखनऊ, 21 जून (हि.स.)। वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को भी मजबूत बनाता है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। यह बातें रविवार को स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस (एसएमएस), लखनऊ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के दौरान वैदिक विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. भरत राज सिंह ने कहीं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ के वैदिक विज्ञान केंद्र की ओर से संस्थान के गोदावरी प्रांगण में योग शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
योग शिविर का संचालन डॉ. भरत राज सिंह ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के वैज्ञानिक महत्व और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि योग व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक है।
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान डीन छात्र कल्याण डॉ. पी.के. सिंह, डीन अभियंत्रण डॉ. ज्ञानेंद्र गुप्ता, प्राचार्य (डिप्लोमा) डॉ. अमरजीत सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. आशा कुलश्रेष्ठ, इन्क्यूबेशन मैनेजर डॉ. अरुणेश श्रीवास्तव, प्रशासन प्रबंधक उग्रसेन सिंह, अंकित सिंह तथा हॉस्टल वार्डन सहित संस्थान के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
संस्थान के अनुसार कार्यक्रम में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, जागरूक और तनावमुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप