योग स्वस्थ भारत के संकल्प का प्रतीक, इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाएं : राकेश सचान
कानपुर, 21 जून (हि.स.)। योग शरीर, मन और आत्मा के एकीकरण का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अधिकांश देश योग को अपना रहे हैं। करें योग, रहें निरोग केवल संदेश नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का सूत्र है। योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। यह बातें रविवार को उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कही।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों तथा आम नागरिकों ने भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। पूरे परिसर में स्वास्थ्य, जागरूकता और फिट जीवनशैली का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, एमएलसी अरुण पाठक, जनपद के नोडल अधिकारी एस. सुंदरम एम.के., पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन टाडा, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने वीरभद्रासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, चक्रासन, दंडासन, पद्मासन, वज्रासन, शलभासन, भुजंगासन, विपरीत शलभासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन और शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि योग स्वस्थ भारत के संकल्प का प्रतीक है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान भी किया।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताते हुए नियमित योगाभ्यास करने की अपील की।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से संतुलित और सामाजिक रूप से जागरूक बनाता है। उन्होंने योग को जन-जन का अभियान बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। योगासन प्रतियोगिता में आयुषी रावत, अंश कुमार सविता, मालती सचान, नविका सिंह चौहान, मिहिका सचान, देवशी द्विवेदी और अनन्या राजपूत को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अलावा वन विभाग द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रतिभागियों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप