आधुनिक युग में योग का हमारे जीवन में है विशेष महत्व : बिहारी लाल

 










































हर घर आंगन योग थीम पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदवासियों से की गई योगाभ्यास की अपील

झांसी, 21 जून(हि.स.)। 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वीरांगना धरती पर मेजर ध्यानचन्द्र स्टेडियम में हर घर आंगन योग थीम पर बुधवार को महापौर बिहारी लाल आर्य के मुख्य आतिथ्य में बड़े ही भव्य तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर महापौर ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन में अत्यावश्यक बताया। साथ ही योगाभ्यास करते हुए निरोग रहने के लिए जनपदवासियों से योगाभ्यास करने की अपील भी की।

जिला प्रशासन, नगर निगम व आयुष मंत्रालय के सयुंक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए दीप प्रज्वलित कर किया गया। महापौर ने बताया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के तमाम देशों के लोगों के साथ यूएन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। 27 अगस्त 2014 में उन्होंने अपने भाषण में राष्ट्र सभा को संबोधित करते हुए योग को अपने जीवन में अपनाने की अपील की और उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए आज विश्व 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है।

उन्होंने बताया कि शारीरिक योग हमारे शरीर को स्वस्थ रखता है तो वहीं आध्यत्मिक योग हमें ईश्वर के करीब पहुंचाने में मदद करता है। इसलिए दैनिक जीवन में योग अत्यंत आवश्यक है। आधुनिक युग में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। इस अवसर पर योग के सभी आसन भी कराए गए।

जनपदवासियों से प्रतिदिन योग करने एवं अन्य व्यक्तियों को भी योग हेतु प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि केवल योग से ही हम अपने शरीर को स्वस्थ रखने में सफल हो सकेंगे। इसीलिए इसकी थीम घर आंगन योग रखा गया है। इसका अर्थ है कि हम जिले के प्रत्येक गांव और प्रत्येक गांव के प्रत्येक घर तक पहुंचने में कामयाब हो। इसी उद्देश्य के साथ हमें इसका प्रचार प्रसार भी करना चाहिए। संचालन समाजसेविका नीति शास्त्री ने किया। दूसरी ओर डीआईजी की उपस्थिति में पुलिस लाइन में भी योगाभ्यास किया गया। साथ ही एलबीएम में भी योग दिवस का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, एमएलसी रमा निरंजन, राज्य मंत्री हरगोविंद कुशवाहा, डॉ.मंडलायुक्त आदर्श कुमार, डीआईजी जोगेन्द्र सिंह, सीएमओ, खेल अधिकारी सुरेश बोनकर, झांसी, जिले के अन्य अधिकारी, नागरिक सुरक्षा, समेत तमाम संगठनों के लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/राजेश