योग ने दुनिया को जोड़ने का काम किया : चौधरी भूपेंद्र सिंह

 








मुरादाबाद, 21 जून (हि.स.)। भारत का विचार सदैव से आपसी सामंजस्य और सद्भाव का रहा है और योग भी मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य के साथ स्वास्थ्य और मानव कल्याण का एक समग्र दृष्टिकोण है। योग ने दुनिया को जोड़ने का काम किया है। डेढ़ सौ से अधिक देश योग के माध्यम से एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसकी प्रासंगिकता स्वतः स्पष्ट हो जाती है। यह बातें रविवार को मुरादाबाद के रामगंगा विहार स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में विश्व योग दिवस पर आयोजित सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि कही।

मुरादाबाद जिला प्रशासन और आयुष विभाग के तत्वाधान में रविवार को विश्व योग दिवस के उपलक्ष में शहर भर के लोगों ने सामूहिक रूप से विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग अभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। वहीं,

सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में योग करने के बाद कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि

विश्व योग दिवस के माध्यम से सम्पूर्ण विश्व के जन को निरोगी और स्वस्थ देखना चाहता है। आज 21 जून को 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया भर में भव्य स्तर पर मनाया जा रहा है। आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जिंदगी में, जहाँ आधुनिक जीवनशैली के कारण बीमारियाँ कम उम्र में ही घेर रही हैं, भारत की प्राचीन योग पद्धति एक वरदान साबित हो रही है।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योग प्रशिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली चौहान, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, प्रांतीय परिषद सदस्य निमित जायसवाल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजू कालरा, जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र पेंसिया, मुख्य विकास अधिकारी मणाली अविनाश जोशी, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव, एडीएम फाइनेंस ममता मालवीय, जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, नागरिक सुरक्षा के उपनियंत्रक नीरज चक, सहायक उप नियंत्रक सतीश कुमार, कीड़ा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र विश्नोई आदि काफी संख्या में पुलिस प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी व महानगर वासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल