पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत समृद्ध और विकसित बनेगा: नीरज त्रिपाठी
-यमुनापार सिरसा मंडल की दो दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण कार्यशाला
-सात सत्रों में कार्यकर्ताओं को किया प्रशिक्षित, सरकार की उपलब्धियां गिनाई
प्रयागराज, 04 अप्रैल (हि.स)। भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं की नेतृत्व क्षमता और दक्षता बढ़ाने का महायज्ञ है। कार्यकर्ता ही सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है। यह बातें भाजपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने शनिवार को समापन सत्र में सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा साकार किए जाने की बात कही। नीरज त्रिपाठी ने सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समृद्ध और विकसित भारत बनेगा तथा कार्यकर्ताओं की शक्ति से भाजपा सरकार बार-बार बनेगी।
पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी यमुनापार जिले के सिरसा मंडल की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शनिवार को नगर पंचायत सभागार सिरसा में सम्पन्न हुई। कार्यशाला में कुल सात सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, संगठन विस्तार एवं वैचारिक अधिष्ठान पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
शनिवार को चौथे सत्र में “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि” विषय पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष त्रिवेणी प्रसाद पांडेय ने सम्बोधित किया। पांचवें सत्र में जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने “बूथ प्रबंधन एवं मन की बात” विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। छठें सत्र में जिला मंत्री अजीत मिश्र ने सोशल मीडिया एवं नमो एप एआई के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
कार्यशाला के शुभारंभ सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राना सेठ ने की तथा समापन सत्र की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष लखन केसरी ने करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यशाला का शुभारम्भ शुक्रवार को जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने किया था। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा व इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा में समर्पित रहना चाहिए। द्वितीय सत्र में वैचारिक अधिष्ठान विषय पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष किसान मोर्चा रमाकांत विश्वकर्मा ने प्रशिक्षण दिया। तृतीय सत्र में कार्य पद्धति विषय पर जिला उपाध्यक्ष राजेश धनगर ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर मंडल प्रभारी अमरेश तिवारी, नेहा केसरी, विनय यादव, पुष्कर तिवारी, पीसी पटेल, राजा तिवारी सहित मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र