आस्था के दीपों से जगमगाया यमुना तट, नगर पालिका अध्यक्ष ने किया दीपदान
औरैया, 07 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में नरक चतुर्दशी (छोटी दीपावली) पर्व पर शनिवार को समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से यमुना तट, शहीद स्मारक और शहर के प्रमुख चौराहों पर दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम पांच बजे आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता ने समिति के सदस्यों के साथ यमुना मैया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद अपने और परिवार की सुख-समृद्धि एवं सलामती की कामना करते हुए यमुना मैया को श्रद्धा के दीप समर्पित किए। दीपों की रोशनी से यमुना तट जगमगा उठा। दीपोत्सव के बाद समिति की ओर से यमुना तट स्थित अंत्येष्टि स्थलों की नियमित सफाई करने वाले सफाईकर्मी रज्जन वाल्मीकि और रामप्रसाद को मिष्ठान और आर्थिक भेंट देकर सम्मानित किया।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने कहा कि दीपावली पर लोग अपने घरों को रोशन कर खुशियां मनाते हैं, वहीं समिति के सदस्यों ने यमुना तट पहुंचकर यमुना मैया के चरणों में दीपदान किया। इससे सभी को अपार आनंद की अनुभूति हुई। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि दीपावली पर नदी घाटों और सरोवरों पर दीप जलाने की परंपरा आस्था और पुण्य से जुड़ी है।
इसके बाद सदस्यों ने देवकली मंदिर स्थित शहीद स्मारक पर वीर सपूतों को नमन करते हुए दीप जलाए और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के नारे लगाए गये। शहर के सुभाष और जेसीज चौराहों पर भी दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। समापन पर संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता ने पर्यावरण असंतुलन और बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए लोगों और बच्चों से तेज आवाज तथा प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे न चलाने की अपील की।
इस मौके पर समाजसेविका मंजू गुप्ता, राखी गुप्ता, तेज बहादुर वर्मा, भाजपा नेता कपिल गुप्ता, भाजपा नेत्री कोमल पोरवाल, शेखर गुप्ता, गीता पोरवाल, कुबेर पोरवाल, देवमुनि पोरवाल, शिखर, लव बिश्नोई, एलएन गुप्ता, राजीव पोरवाल, आनंद नाथ गुप्ता, रज्जन वाल्मीकि, अजय वाल्मीकि और रामप्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार