दोस्तों के साथ यमुना नदी में स्नान करने गया युवक डूबा, तलाश जारी

 


फतेहपुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को शाम यमुना नदी में स्नान करने गया युवक गहरे पानी में जाने से डूब गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने स्थानीय मछुआरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की है। करीब 05 घंटे तलाश के बाद युवक का कोई पता नहीं चला।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र की धर्मदासपुर गांव निवासी अमित लोधी अपने साथियों के साथ बांदा जनपद में किसी कार्य से जा रहा था इस दौरान सभी मित्र किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित यमुना नदी में स्नान करने लगे, स्नान करते-करते अमित कुमार लोधी गहरे पानी में चला गया और यमुना नदी में डूब गया। अमित के डूबने के बाद दोस्तों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय मछुआरों की मदद से जाल डाल कर यमुना नदी में डूबे युवक की तलाश शुरू की, करीब 05 घंटे तक पुलिस यमुना नदी में डूबे युवक की तलाश करती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। देर शाम एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची जिसके बाद युवक की तलाश की जा रही है।

मामले में किशनपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि यमुना में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार