यमुना एक्सप्रेस पर हुए हादसे में चार घायल
सादाबाद, हाथरस, 12 जून (हि.स.)। यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने लोडर वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना 7 जून की सुबह करीब आठ बजे हुई। फिरोजाबाद जनपद के जसराना थाना क्षेत्र स्थित नसूपुर सजंती गांव निवासी बलवीर सिंह ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के सदस्य शिवनारायण, उनकी पत्नी विमलेश, वेदप्रकाश और उनकी पत्नी शिवरानी दिल्ली से आगरा की ओर लोडर वाहन यूपी 83 ईटी 0149 से जा रहे थे। वाहन को जितेंद्र पुत्र रामतीर्थ चला रहा था।
शिकायत के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे के पास पीछे से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार यूपी 33 सीएच 2703 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए 'छोटा हाथी' में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार सभी चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में शिवरानी पत्नी वेदप्रकाश की रीढ़ की हड्डी टूट गई है, जबकि विमलेश पत्नी शिवनारायण की पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को आगरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शिवरानी का इलाज रेनबो अस्पताल, खंदारी में चल रहा है, जबकि विमलेश, शिवनारायण और वेदप्रकाश का उपचार एसएस अस्पताल, टेढ़ी बगिया में किया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना