नोएडा : यमुना विकास प्राधिकरण बनाएगा श्रमिक सुविधा केंद्र

 


नोएडा, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में श्रमिकों को सरकारी योजनाओं के लाभ के अलावा उद्योगों में मौजूद नौकरियों के बारे में जानकारी एक ही छत के नीचे मिल सके, इसके लिए यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में एक श्रमिक सुविधा केंद्र बनाया जाएगा। इसके अलावा श्रमिकों की आवासीय जरूरतें पूरी करने के लिए लेबर हॉस्टल बनाने की योजना पर भी काम शुरू हुआ है। इसके लिए शासन से अनुमति लेकर काम किया जाएगा।

यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि श्रमिक सुविधा केंद्र शासन, प्रशासन और उद्योगों के बीच सेतु का काम करेगा। यहां श्रमिकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा। इसी जगह पर उनके लिए जागरूकता शिविर के अलावा स्वास्थ्य जांच आदि भी नियमित अंतराल में आयोजित की जा सकेंगीं। उद्योगों में नौकरियां मौजूद होने पर श्रमिक सुविधा केंद्र पर सूचना उद्यमी उपलब्ध करा देंगे। ऐसे में श्रमिक यहां से नौकरियाें का पता कर वहां संपर्क कर पाएंगे।

अधिकारी का कहना है कि श्रमिक आंदोलन के दौरान श्रमिकों की आवासीय समस्या प्रमुख रूप से कारण बनी थी। इसी को देखते हुए यमुना सिटी क्षेत्र में भी कई उद्योगों में समस्याओं को दूर करने पर काम शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ेगी। जल्द ही छोटे भूखंड की योजना भी प्राधिकरण यहां लांच कर देगा। इनमें पुरुष और महिला श्रमिकों के लिए अलग-अलग आवासीय व्यवस्था होगी। इसके लिए पांच एकड़ जमीन परियोजना के लिए चिन्हित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी