मुरादाबाद : फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
मुरादाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर विवाद नहीं थम रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मंगलवार को यादव समाज की ओर से इस फिल्म के टाइटल और कंटेंट को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। जिसमें प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के नाम और कहानी पर गंभीर आपत्ति जताई है।
यादव समाज के उमेश यादव का कहना है कि फिल्म का टाइटल जानबूझकर ऐसा रखा गया है जिससे यादव समाज की भावनाएं भड़कें और फिल्म को मुफ्त में प्रचार मिल जाए। संगठन का आरोप है कि यह सब सिर्फ पब्लिसिटी के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि किसी भी जाति विशेष का नाम जोड़कर फिल्म बनाना और उसे नकारात्मक ढंग से दिखाना गलत है।
धर्मेंद्र यादव का आरोप है कि फिल्म में एक खास जाति की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनका कहना है कि इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर इस तरह की फिल्में बनेंगी तो समाज में गलत संदेश जाएगा।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल