राधाष्टमी पर आरएसएस ने स्थानीय जलाशय का किया पूजन, कुंड संरक्षण को ली शपथ
मथुरा, 19 सितम्बर(हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के बैनर तले शनिवार मथुरा जिले पर भिन्न भिन्न स्थानों पर जलाशयों और कुण्डों का पूजन किया गया। पूजन करने के लिए पिछले एक पखवाड़े से गतिविधि के कार्यकर्ता गांव-गांव घूम कर टोली बनाने एवं उनको प्रशिक्षण देने में लगे थे। प्रशिक्षण के अनुसार सुबह ही टोली ले बंधु स्थानीय नागरिकों के साथ कुंडों पर पहुंचे वहां विधिवत पूजा कर कुंड की संरक्षा के लिए सभी उपस्थित लोगों ने शपथ भी ली कि जब तक मैं जीवित रहूंगा इस कुंड की पवित्रता एवं संरक्षण का दायित्व मेरा रहेगा। बाद में महिलाओं ने आगे बढ़ कर कुंड की आरती को सस्वर गाया जिसे उपस्थित लोगों ने दोहराया।
इस मौके पर पिरसुआ राया खंड के कार्यक्रम में उपस्थित संघ की पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन ने कहा कि अभी मनुष्य को जल की महत्वता समझ नहीं आ रही है पर वो दिन दूर नहीं है जब पानी की कमी युद्धों का कारण भी बनेगी। अगर आज स्थानीय स्तर पर कुंड जलाशय संरक्षित नहीं किये गए तो आने वाला समय बड़ी मुश्किलों वाला होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार