मजदूर दिवस पर जौनपुर में श्रमिकों का सम्मान, अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
जौनपुर,01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूपी के जौनपुर में समाजवादी मजदूर सभा के तत्वाधान में लाला बाजार स्थित प्रिंस ईंट उद्योग (ईंट भट्ठा) पर कार्यरत मजदूरों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों की भागीदारी रही और उन्हें सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव अमित यादव और विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव डॉ. अजय यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव विशाल कनौजिया ने किया।
मुख्य अतिथि अमित यादव ने श्रमिकों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजदूरों के अधिकारों के लिए इतिहास में बड़े संघर्ष हुए हैं, जिनके परिणामस्वरूप आठ घंटे कार्य का कानून लागू हुआ। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान नीतियां श्रमिक हितों के विपरीत हैं और समाजवादी मजदूर सभा इसका विरोध करती है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सोच समाज के हर वर्ग को समान भागीदारी देने की है। इसी क्रम में ईंट भट्ठों पर कार्यरत महिला श्रमिकों को भी प्रतिनिधित्व दिलाने के उद्देश्य से ओबीसी, एससी, एसटी एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए आरक्षण की मांग उठाई गई है।
कार्यक्रम के दौरान हाल ही में मजदूर आंदोलनों में गिरफ्तार श्रमिकों और नेताओं की जल्द रिहाई की मांग भी की गई। अंत में उपस्थित मजदूरों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने और मजदूर विरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर सादिक अली, रमाशंकर चौहान, धीरज सिंह, धीरेंद्र सिंह, राजबहादुर यादव, अच्छेलाल यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी श्रमिकों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया, साथ ही कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण भी किया गया।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव