भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और मजबूत करेंगे : प्रकाश पाल
कानपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उसे संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ निभाया जाएगा। कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके सहयोग से संगठन को नई मजबूती देने का काम किया जाएगा। यह बातें भाजपा पिछड़ा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने राज्यसभा चुनाव 2026 में निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद शनिवार को कानपुर पहुंचने पर पत्रकारों से कही।
शहर पहुंचने पर प्रकाश पाल ने आवास के समीप स्थित मंदिर में पूजन-अर्चन कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वह पनकी स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे और बजरंगबली के दर्शन कर माथा टेका। पनकी मंदिर के महंत कृष्ण दास ने भी उनका स्वागत किया।
उनके आवास पर दिनभर सैकड़ों कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही। कानपुर सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उनके निर्विरोध निर्वाचन पर खुशी जताई। प्रकाश पाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जाएगा। उनके कानपुर पहुंचने के बाद से ही आवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप