सीवर की सफाई करने उतरा श्रमिक हुआ मूर्छित, उपचार के दौरान मौत

 


नोएडा, 14 जुलाई (हि.स.)। थाना फेस- 2 क्षेत्र के गेझा गांव में नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा सीवर की सफाई का कार्य करवाया जा रहा था। मंगलवार की शाम को सफाई करने के लिए सीवर में घुसे एक कर्मचारी मूर्छित हो गया। उसे पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सीवर से निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर देर रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अपर पुलिस उपयुक्त जोन द्वितीय स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना फेस-2 पुलिस को मंगलवार की शाम को सूचना मिली कि गेझा गांव गांव में शिवा नामक मजदूर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा करवाए जा रहे सीवर की सफाई का काम करने के लिए सीवर में उतरा था, लेकिन वह बाहर नहीं आया। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मौके पर फायर ब्रिगेड और थाना फेस-दो पुलिस पहुंची।

उन्होंने बताया कि रेस्क्यू करके सफाई कर्मी को सीवर से बाहर निकला गया। उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर देर रात को डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्हें बताया कि अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि सीवर के अंदर फैली जहरीली गैस की चपेट में आने से उक्त व्यक्ति की मौत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी