कांग्रेस की सरकार आतंकवादियों को खिलाती थी बिरयानी : बृजेश पाठक

 




मुरादाबाद, 24 मई (हि.स.)। कांग्रेस की सरकार आतंकवादियों को बिरयानी खिलाने का काम करती थी, जबकि मोदी सरकार आतंकवादियों को घर में घुसकर मारने का काम करती है। भारत ने 2019 के पुलवामा हमले का करारा जवाब बालाकोट एयरस्ट्राइक के रूप में दिया था। पहलगाम में नागरिकों व पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण हमले के जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया, जिसके तहत सीमा पार स्थित आतंकवादियों के कई ठिकानों को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया।

यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाऊस में रविवार को मुरादाबाद महानगर भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है कोई भी सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता इसका नेतृत्व कर सकता है। भाजपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए कि वह केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व देश में अमीरी और गरीबी की खाई बढ़ती जा रही थी। अमीर अमीर होता चला जा रहा था और गरीब और ज्यादा गरीब होता चला जा रहा था। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने के केंद्र की सत्ता संभालने के बाद अमीरी और गरीबी की खाई पटती जा रही है। वर्ष 2014 के बाद देश में बहुत बड़ा बदलाव आना शुरू हुआ और वर्ष 2014 के बाद उत्तर प्रदेश में बड़े बदलाव की शुरुआत हुई।

बृजेश पाठक ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डों की बात की जाए या सरकारी विश्वविद्यालय की बात की जाए तो यह प्रदेश सभी चीजों में अग्रणी है। वैकल्पिक ऊर्जा के रूप में अगर सोलर ऊर्जा की बात करें तो भारत दुनिया का नंबर वन देश बन चुका है, वहीं सोलर एनर्जी में उत्तर प्रदेश भारत में नंबर वन है। प्रदेश में योगी नेतृत्व की सरकार आने के बाद बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, सड़क, रेल, हवाई अड्डा, बिजली, पानी सभी ने नए आयाम हासिल किए हैं

समापन सत्र की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने की व संचालन महानगर महामंत्री विशाल त्यागी ने किया। जिला प्रशिक्षण वर्ग में क्षेत्रीय महामंत्री जिला वर्ग प्रभारी डॉ विकास अग्रवाल, महानगर प्रभारी मोहनलाल सैनी, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, प्रशिक्षण अभियान के महानगर संयोजक धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, नगर विधायक रितेश गुप्ता, महापौर विनोद अग्रवाल, डॉ जयपाल सिंह व्यस्त व गोपाल अंजान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली सिंह, ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह व संतोष सिंह, गोसेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, निमित जायासवाल, अर्चित गुप्ता, विशाल त्यागी, शमी भटनागर, अमित शर्मा, अल्पना रितेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल