मां-बहनों की इज्जत दांव पर, बच्चों का बचपन खतरे में, ठेका हटाओ आंदोलन शुरू : ज्योति बाबा

 


कानपुर, 24 मई (हि.स.)। अपार्टमेंट गेट पर खुले शराब ठेके के कारण मां-बहनों की इज्जत दांव पर लगी है, बच्चे डर और तनाव में जी रहे हैं तथा महिलाओं के साथ अभद्रता की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यदि जल्द ठेका नहीं हटाया गया तो बड़ा शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा। यह बातें रविवार को अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख एवं योग गुरु ज्योति बाबा ने दिलबाग रोज गार्डन ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।

दिलबाग रोज गार्डन ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने अपार्टमेंट गेट के सामने संचालित शराब ठेके को हटाने की मांग उठाई। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि सोसाइटी में 250 से अधिक फ्लैट्स हैं, जहां करीब 300 बच्चे और 500 से ज्यादा महिलाएं रहती हैं। आरोप लगाया गया कि रोज शाम ठेके के बाहर भीड़, गाली-गलौज, मारपीट और खुलेआम अभद्रता का माहौल बन जाता है। पिछले चार महीनों में महिलाओं से छेड़छाड़ की कई घटनाएं भी सामने आई हैं।

ज्योति बाबा ने कहा कि एनसीआरबी 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक रिहायशी इलाकों में शराब दुकानों के आसपास महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 41 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं एआईआईएमएस 2024 की रिपोर्ट के अनुसार ऐसे माहौल में रहने वाले 68 प्रतिशत बच्चों में एंजाइटी और पढ़ाई में गिरावट देखी गई है।

एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. प्रीति मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम 1910 की धारा 37-क के तहत स्कूल, धार्मिक स्थल और घनी आबादी के मुख्य द्वार से 100 मीटर तक शराब बिक्री प्रतिबंधित है, लेकिन यहां नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि ठेके को तत्काल 500 मीटर दूर स्थानांतरित किया जाए।

सचिव तरुणा सरदाना ने बताया कि 29 मई को जनजागरूकता के लिए सांकेतिक नशा मुक्ति कार रैली निकाली जाएगी। 30 मई को हस्ताक्षर अभियान चलाकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर “नशा, कानून और बच्चे” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।

पूर्व राज्य मंत्री गुरविंदर सिंह छाबड़ा ने कहा कि अपार्टमेंट गेट पर शराब ठेका खुला रहने से महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल है। राष्ट्रीय अटल आरोग्य संघ के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार मिश्रा ने कहा कि जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 2015 की धारा 77 के तहत नाबालिगों को शराब बेचना गंभीर अपराध है, लेकिन यहां खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है।

प्रेसवार्ता में जसबीर सिंह जुनेजा, राकेश चंद्र श्रीवास्तव, सतपाल सिंह, अतुल गुप्ता, रश्मि जैन, राजकुमार गुरनानी, मनोज चावला, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, राज गौरव, नीलम श्रीवास्तव, सरिता गुरनानी, प्रत्यूष दिनकर, वैवस्वत दिनकर, अमरजीत सिंह कोहली, राजेश निगम और सुमित सिंह चंदेल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप