नारी शक्ति वंदन अधिनियम से हम एक नए युग की तरफ बढ़ रहे : प्रो सत्यकाम
--मुविवि की शिक्षिकाओं ने निकाली पदयात्रा एवं स्कूटी रैली
--मिस्ड कॉल, हस्ताक्षर अभियान एवं मानव श्रृंखला बनाई
प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम के अंतर्गत पदयात्रा, स्कूटी यात्रा, मानव श्रृंखला, मिस्ड कॉल कार्यक्रम एवं दीवार हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना एवं नारी शक्ति के महत्व को समाज में स्थापित करना रहा।
आयोजन के सूत्रधार मुक्त विवि के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि हम एक नए युग की तरफ बढ़ रहे हैं। हर एक समाज की अपनी-अपनी संरचना होती है। उस संरचना का प्रभाव हर एक विकासशील पथ पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस कदम का स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही बदलाव आएगा।
कुलपति ने मिस्ड कॉल अभियान एवं दीवार पर हस्ताक्षर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने हरी झंडी दिखाकर स्कूटी रैली तथा पदयात्रा का शुभारम्भ किया। शिक्षिकाओं, शोध छात्राओं तथा महिला कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय में मानव श्रृंखला बनाकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम जागरूकता प्रचार-प्रसार अभियान में सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीमा सत्यकाम ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की वक्ता रेशमा श्रीवास्तव, सितार वादक एवं प्रोफेसर दिव्या रानी सिंह, विभागाध्यक्ष, गृह विज्ञान विभाग, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय रहीं। उन्होंने अपने वक्तव्य में नारी सशक्तिकरण, शिक्षा, समान अधिकार एवं आत्मनिर्भरता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंचासीन वित्त अधिकारी पूनम मिश्रा तथा प्रोग्रामर सीमा सिंह ने भी नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पहल की सराहना की।
मुक्त विवि के जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिला कर्मचारियों एवं शिक्षिकाओं ने नारी शक्ति विषय पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए और समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की संयोजक प्रो. मीरा पाल, प्रभारी, स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा एवं निदेशक, महिला अध्ययन केंद्र के कुशल निर्देशन में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर आनन्दानंद त्रिपाठी एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. त्रिविक्रम तिवारी ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र