बागपत में महिला आयोग ने की जनसुनवाई, 41 मामले आए
बागपत, 23 अप्रैल (हि.स.)। बागपत जिले में बुधवार को महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बागपत में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने महिला जनसुनवाई की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाना रहा।
जनसुनवाई में कुल 41 प्रकरण सामने आए, जिनमें 33 पूर्व से पंजीकृत थे और शेष नए मामलों को मौके पर दर्ज किया गया। प्रमुख मामलों में घरेलू हिंसा, पति-पत्नी विवाद, परित्याग, बच्चों की अभिरक्षा, भरण-पोषण तथा शिक्षा से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। अध्यक्ष ने सभी मामलों के संवेदनशील और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से जुड़े मामलों में उनके हित को सर्वोपरि रखने और शिक्षा बाधित न होने देने पर विशेष जोर दिया।
अध्यक्ष ने पुलिस को महिलाओं से संबंधित मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम का लाभ दिलाया जाए। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने सभी निर्देशों के पालन का आश्वासन देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ,अपर जिलाधिकारी वित्त /राजस्व विनीत कुमार उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर ज्योति शर्मा , एसडीएम बागपत अमरचंद वर्मा ,परियोजना निदेशक राहुल वर्मा ,बड़ौत पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ,जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, एनजीओ से डॉक्टर दिव्या उज्जवल आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी