महिलाएं अन्याय नहीं सहेंगी, हक के लिए हर स्तर पर संघर्ष होगा : भावना बाजपेयी
कानपुर, 01 मई (हि.स)। महिला शक्ति अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और किसी भी प्रकार के अपमान या अन्याय को सहन नहीं करेगी। देश की आधी आबादी अपने सम्मान और हक के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद कर रही है और जरूरत पड़ने पर हर स्तर पर संघर्ष करेगी। यह बातें शुक्रवार को जिला कार्यसमिति सदस्य भावना बाजपेयी ने कही।
भारतीय जनता पार्टी पनकी मंडल में महिला जन आक्रोश पैदल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावना बाजपेई के नेतृत्व में कछुआ तालाब पनकी से पनकी मंदिर तक निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों और विरोध को प्रकट करती नजर आईं।
मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की और उनके पुतलों का विरोध स्वरूप दहन किया। इस दौरान महिलाओं ने चप्पलों से पुतलों को पीटकर आक्रोश व्यक्त किया और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने एकजुट होकर संदेश दिया कि वे अपने हक के लिए हर परिस्थिति में खड़ी रहेंगी। इस दौरान पार्षद आरती त्रिपाठी, करुणा सिंह, वंदना परिहार, जया शुक्ला सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप