देवरिया में “बहू-बेटी अभियान” के तहत महिलाओं को किया जागरूक
देवरिया, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद देवरिया में विशेष पहल “बहू-बेटी अभियान” व्यापक स्तर पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित अभियान में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के तहत परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित तथा दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर चौपाल, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना रुद्रपुर, लार, बरहज, भाटपार रानी और सुरौली समेत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने गांवों व कस्बों में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रमों में महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, साइबर अपराध, लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें इनसे बचाव के उपाय और कानूनी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई, जिससे महिलाओं और बालिकाओं का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, जननी सुरक्षा 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के बारे में भी जागरूक किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना रहा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक