अब वक्त गया कि मातृशक्तियां देश की कमान संभालें : प्रिया अग्रवाल
मुरादाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के तत्वावधान में मंगलवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महिला पदाधिकारी द्वारा शानदार बाइक रैली निकाली गई। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल ने बताया कि यह रैली महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रति समर्थन जताने और महिला सशक्तीरण का संदेश देने के लिए निकाली गई है। अब वक्त है कि मातृशक्तियां देश की कमान संभालें। राष्ट्र निर्माण से जुड़े फैसलों में उनकी भागीदारी हो और वह निर्णायक भूमिका में हों।
लोकसभा से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास होने के बाद देशभर में महिलाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुरादाबाद महानगर में आयोजित इस बाइक रैली का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा। रैली में शामिल महिलाओं ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर नारी शक्ति जिंदाबाद और महिला सशक्तीकरण जैसे नारों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
भाजपा बेटी बचाओ -बेटी पढ़ाओ अभियान की महानगर संयोग का अल्पना रितेश गुप्ता ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किया गया एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता साफ होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि यह कदम देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा देगा और उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त बनाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल