विश्व शान्ति मिशन ने महिला कवि सम्मेलन का किया आयोजन
गोरखपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ साहित्यकार मुकुट धारी लाल श्रीवास्तव के आवास पर साहित्य साधना काशी मंच की तरफ से विश्व शांति मिशन के तत्वावधान में गुरुवार को महिला कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें बनारस के विभिन्न क्षेत्रों से कवियित्रियां शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ साहित्य साधना मंच की अध्यक्षता विश्व शांति मिशन के वाराणसी मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव व प्रदीप कुमार वर्मा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकुट धारी लाल श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलित और सरस्वती की वंदना वत्सला श्रीवास्तव ने किया।
प्रदीप कुमार वर्मा ने संस्था की तरफ से वरिष्ठ साहित्यकार मुकुटधारी लाल श्रीवास्तव को माल्यापर्ण कर व अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
वाराणसी अध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में पधारे सभी कलमकारों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। गोरखपुर से अरुण श्रीवास्तव विडियो कालिंग द्वारा कार्यक्रम का विशेष अवलोकन किया।
सर्वप्रथम कवियित्री वत्सला ने मुकुटधारी लाल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर व्याख्यान दिया। तत्पश्चात संध्या श्रीवास्तव ने काव्य पाठ किया। उसके बाद संगीता श्रीवास्तव ने पिता विषय पर कविता पढ़ी व गीत गाकर महफिल को ऊंचाइयां प्रदान की। सरस्वती मिश्रा ने भक्ति पूर्ण रचना पढ़ी। इसके बाद कवियित्री सुषमा ने आंचलिक भाषा में अपने गीत का रासास्वादन कराया।
झरना मुखर्जी ने गजल पढ़ी। पटल पर उपस्थित सभी काव्य मनीषियों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति देकर मंच को भक्ति रस में सरा बोर कर दिया। अंत में समापन और सभी विद्वद्जनों का आभार ज्ञापन संचालिका संगीता श्रीवास्तव किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय