नई जिम्मेदारी में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को देंगी प्राथमिकता : नीतू सिंह
कानपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों को नई जिम्मेदारी में प्राथमिकता देते हुए सक्रियता से काम किया जाएगा। शिक्षा समाज में स्थायी और सकारात्मक बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। महिलाओं को शिक्षा, समान अवसर और सम्मानजनक भागीदारी दिलाना सामाजिक प्रगति की आधारशिला है। यह बातें शुक्रवार को वीएसएसडी कॉलेज की सचिव एवं भाजपा कानपुर-बुंदेलखण्ड क्षेत्र की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सीए नीतू सिंह ने अपने अभिनंदन समारोह के दौरान कहीं।
वीएसएसडी कॉलेज परिवार की ओर से सीए नीतू सिंह के सम्मान में महाविद्यालय में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्या प्रो. नीरू टंडन के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी छह संकायों के डीन मंचासीन रहे। विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने विभागवार उपस्थित होकर सीए नीतू सिंह का अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
सीए नीतू सिंह ने कहा कि कॉलेज परिवार से मिला स्नेह, सम्मान और आत्मीयता उनके लिए भावपूर्ण अनुभव है। यह सम्मान केवल व्यक्तिगत गौरव नहीं, बल्कि समाज के प्रति अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दायित्व के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद और सहभागिता को और व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्राचार्या प्रो. नीरू टंडन ने कहा कि सीए नीतू सिंह का वीएसएसडी कॉलेज से संबंध केवल प्रशासनिक दायित्व तक सीमित नहीं है। वर्षों से उनके साथ आत्मीयता, विश्वास और सहयोग का संबंध रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके अनुभव और सक्रिय योगदान ने उन्हें व्यापक जनसरोकारों से जोड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी में उनका अनुभव, संवेदनशील दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता समाजहित के कार्यों को नई दिशा देगा।
समारोह में डॉ. आरके पांडेय, डॉ. वीएस परमार, डॉ. अनिल मिश्रा, डॉ. मनोज अवस्थी, डॉ. पीएस डोभाल, डॉ. मंजू द्विवेदी और डॉ. आरपी प्रधान सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने सीए नीतू सिंह को नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आरसी धीमान ने किया।
अंत में कॉलेज परिवार ने विश्वास जताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में सीए नीतू सिंह का अनुभव अब व्यापक जनसेवा में भी उपयोगी साबित होगा और महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता तथा जनकल्याण के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप