मायके में फंदे से लटका मिला महिला का शव

 


कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। सजेती थाना क्षेत्र अंतर्गत चिटकिनपुर गांव में गुरुवार को मायके में रह रही महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

चिटकिनपुर गांव निवासी वंदना देवी (25) की शादी साल 2021 में कानपुर देहात के गनहा गांव निवासी लाल सिंह से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, वंदना कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। आज शाम परिजनों ने कमरे में चौखट की कुंडी के सहारे फंदे से उसका शव लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे समेत आसपास के स्थानों की जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटना की सूचना महिला के ससुराल पक्ष को भी दे दी है। वंदना का तीन साल का बेटा है। मायके में रहने के दौरान हुई इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप