महिला का शव 48 घंटे बाद नहर में मिला
सुलतानपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के एक नहर में कूदी महिला का शव लगभग 48 घंटे बाद कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलाहपुर फाटक के पास शारदा सहायक खंड-16 नहर में मिला। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकालकर पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
गोसाईंगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि मृतका की पहचान हकीकुल के रूप में हुई है। उसकी शादी 25 नवंबर 2025 को बेनी का पुरवा (मूंगर) में शमशाद से हुई थी। उसका मायका मूंगर तुरकहिया में है। बुधवार सुबह फोन पर पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद तलाक हुआ था, जिसका कारण दहेज की मांग बताया जा रहा है। हकीकुल अपने चार भाई और तीन बहनों में सबसे छोटी थी।
उसने बुधवार सुबह गोसाईंगंज थाना अंतर्गत रामचंद्रपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-16 नहर पुल से छलांग लगाई थी। घटनास्थल से उसकी चप्पल और छाता बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बाद में एनडीआरएफ टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाया था। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान में काफी कठिनाई आ रही थी। गुरुवार तक करीब 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिला था। शुक्रवार को घटना के लगभग 48 घंटे बाद विवाहिता का शव घटनास्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर कादीपुर के सलाहपुर फाटक के पास नहर में मिला। सूचना मिलने पर कादीपुर और गोसाईंगंज पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव की पहचान की। शव मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
---------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त