गला काटकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली विवाहिता की इलाज के दौरान मौत
कानपुर, 27 जुलाई ,(हि.स.)। नरवल थाना क्षेत्र में ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर गला काटकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली विवाहिता रुखसाना की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच तेज कर दी है।
रुखसाना ने रविवार तड़के मायके में चाकू से अपना गला काट लिया था। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि रुखसाना की शादी करीब 16 वर्ष पहले बांदा के मर्दन नाका निवासी यासीन से हुई थी। शादी के बाद से पति यासीन, सास जिजरत, ससुर इमाम बख्श और देवर हसीन उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। कई बार पंचायत और समझौते के प्रयास हुए, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ। आरोप है कि 10 जनवरी 2025 को मारपीट के बाद उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। तब से वह अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ मायके में रह रही थी।
रुखसाना की मां मुनीरन ने बेटी के पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई, स्त्रीधन वापस दिलाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार तोमर ने बताया कि महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राप्त तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप