मुरादाबाद: युवती की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निकली स्वाइन फ्लू पॉजिटिव
मंडलीय जिला अस्पताल में गुरुवार से शुरू होगी स्वाइन फ्लू की रैपिड जांच
मुरादाबाद, 02 सितम्बर (हि.स.)। जनपद में स्वाइन फ्लू का संक्रमण दिन प्रतिदिन अपने पैर पसारता जा रहा है। बुधवार को 28 वर्षीय युवती की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई। निजी चिकित्सक के यहां इलाज करा रही इस युवती में स्वाइन फ्लू के लक्षण महसूस होने पर उसकी जांच कराई गई थी। मुरादाबाद स्थित मंडलीय जिला अस्पताल में गुरुवार से स्वाइन फ्लू की रैपिड जांच शुरू हो जाएगी।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि 28 साल की इस युवती की तबियत खराब होने पर उसका निजी चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा था। उसकी ससुराल बदायूं में है। कुछ दिन से वह मुरादाबाद अपने मायके आई हुई थी। चिकित्सक को लक्षणों के आधार पर उसमें स्वाइन फ्लू के संक्रमण की आशंका हुई। आरटीपीसीआर जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
दूसरी तरफ, अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने बताया कि फौरी तौर पर तीस से ज्यादा रैपिड जांच किट प्राप्त हुई हैं। अभी आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट नहीं आई हैं। शासन से इन्हें मंगाया गया है। आज से रैपिड किट के माध्यम से स्वाइन फ्लू की आशंका वाले मरीजों की जांच की जाएगी। जिन मरीजों की रैपिड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आएगी उन्हें तत्काल दवा देकर इलाज शुरू किया जाएगा।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल