सिर पर ठोस वस्तु से प्रहार कर महिला की हत्या

 


जौनपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र स्थित पनौली गांव में सोमवार को नवनिर्मित मकान में 48 वर्षीय विवाहिता गुड़िया पत्नी मुख्तार अहमद का शव मिला। महिला के माथे और सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

मृतका गुड़िया का पैतृक मकान नव निर्मित घर से करीब 500 मीटर दूर है। परिजनों के अनुसार, सोमवार को वह नए मकान का दरवाजा ठीक कराने के लिए बढ़ई को बुलाने की बात कहकर घर से निकली थीं। दोपहर करीब ढाई बजे उनकी दोनों बेटियां स्कूल से घर लौटीं तो कमरे में तख्त पर मां का शव पड़ा मिला। सिर में चोट के निशान थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।घटना की जानकारी मिलते ही शाहगंज सर्किल की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, सरपतहां प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय और खेतासराय प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

परिजनों ने महिला के आभूषण गायब होने की बात कहते हुए हत्या के बाद सोने की चेन, कान की बालियां और पायल ले जाने का आरोप लगाया। हालांकि थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि आभूषण के लिए हत्या किए जाने की बात अफवाह है। मृतका के देवर सत्तार अहमद की तहरीर पर गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। मृतका के दो पुत्र गुजरात में रहते हैं, जबकि पति विदेश में हैं। परिजन दोनों बेटों के आने के बाद ही शव पुलिस को सौंपने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव