विंध्यधाम में दर्शन करने आई दिल्ली की वृद्ध महिला सीढ़ी से गिरी, मौत

 


मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मां विंध्यवासिनी देवी धाम में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दर्शन करने आई दिल्ली की एक वृद्ध महिला की सीढ़ी से गिरने के बाद मौत हो गई।

दिल्ली के किशनगंज निवासी एक परिवार नवरात्र के अवसर पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए विंध्याचल आया था और धाम क्षेत्र के एक अतिथि भवन में ठहरा हुआ था। रविवार रात दर्शन के बाद जब परिवार वापस अतिथि भवन पहुंचा, तभी सीढ़ी चढ़ते समय 60 वर्षीय संगीता देवी पत्नी ताजू अचानक संतुलन खोकर जमीन पर गिर गईं।

परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक प्रभारी डॉ. मनोरंजन राय ने बताया कि महिला को अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। नवरात्र के बीच इस हादसे से धाम क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा