तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत

 


कानपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को ड्यूटी पर जा रही महिला को पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।

मृतका शिवानी (34) फतेहपुरवा गांव की रहने वाली थी और कानपुर में प्राइवेट नाैकरी करती थी । परिवार में पति बब्लू, बेटा यश और बेटी शशि हैं। पति निजी कंपनी में काम करता है। परिजनों के मुताबिक शिवानी रोज की तरह आज भी ड्यूटी के लिए निकली थी। हाईवे पर पैदल जाते समय पीछे से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही शिवानी सिर के बल सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला। वहां मौजूद लोगों ने शिवानी के पास मिले मोबाइल फोन से परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही पुलिस की आपात सेवा को भी सूचना दी गई।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसा करने वाले बाइक सवार की पहचान हो सके।

महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि बाइक सवार की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। जल्द ही आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप