करंट की चपेट आकर महिला की मौत
देवरिया, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार को करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला पूजा के लिए फूल तोड़कर घर लौट रही थी।
थानेदार डॉक्टर महेंद्र ने बताया कि परसिया गांव निवासी माेती यादव की पत्नी मैना देवी (48) रोज की तरह शनिवार तड़के घर से कुछ दूरी पर फूल तोड़ने गई थीं। लौटते समय सड़क किनारे नीचे लटक रहा एलटी बिजली का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आते ही मैना देवी गिरी और माैके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक