देवरिया में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, निजी अस्पताल में परिजनों का हंगामा

 

देवरिया, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराते हुए शव को शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मईल थाना प्रभारी विकास नाथ ने शुक्रवार को बताया कि बरडीहा परशुराम गांव निवासी अशोक की पत्नी अनीता देवी को बच्चेदानी की समस्या के चलते 4 अगस्त को लार रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनका ऑपरेशन किया गया। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद उनकी हालत सामान्य थी, लेकिन गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई।

अस्पताल प्रबंधन ने महिला को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर जा रहे थे, लेकिन बैतालपुर के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी वहां से चले गए।

अस्पताल संचालक डॉ. प्रमोद का कहना है कि महिला का ऑपरेशन सफल रहा था। उनके अनुसार, मरीज को अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद तत्काल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उन्होंने इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया।

मईल थाना प्रभारी विकास नाथ ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक