बाराबंकी : आंधी-बारिश से पेड़ टूटकर बिजली के खंभे पर गिरा, चपेट में आकर एक महिला की मौत
बाराबंकी, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार सुबह आई तेज आंधी ने कोठी थाना क्षेत्र के मैकूपुरवा मजरे इब्राहिमा गांव में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज हवा के चलते एक विशाल पेड़ बिजली के खंभे पर गिर गया, जिससे खंभा भरभराकर टूटकर नीचे आ गिरा और
उसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।
मृतक की पहचान आरती देवी, (३५)पत्नी रामराज रावत के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी चलने लगी। इसी दौरान पेड़ उखड़कर बिजली के पोल पर गिर पड़ा। पोल टूटते ही नीचे मौजूद मृतक महिला आरती देवी उसके नीचे दब गईं। आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, विद्युत विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर बिजली के खंभों और पेड़ों की समय रहते देखभाल की जाती तो शायद यह हादसा टल सकता था। लोगों ने मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
तेज आंधी के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और वे प्रशासन से ऐसे खतरनाक स्थानों की जल्द पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी