यूपी के देवरिया जिले में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत

 


देवरिया, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। गौरीबाजार थानाध्यक्ष डाॅ. महेन्द्र ने बताया कि मृतका की पहचान अनारी देवी (65) पत्नी स्वर्गीय सूर्यपाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आकर अनारी देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गौरीबाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने प्रशासन से आपदा राहत सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

-

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक