ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत

 

देवरिया, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के मेहड़ा छावनी में बुधवार को एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से पहले महिला का अपनी बहन से विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने समय रहते पुलिस से मदद मांगी थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

मृतका की पहचान मेहड़ा छावनी निवासी कृष्णावती (50) के रूप में हुई है। हादसा रेलवे ट्रैक पर खंभा संख्या 458/7 के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल कृष्णावती को पहले महार्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, देवरिया ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले कृष्णावती का अपनी बहन गायत्री से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि गायत्री से विवाद के बाद कृष्णावती घर से निकल गईं और कुछ समय बाद ट्रेन की चपेट में आ गईं।

परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद की सूचना पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस तत्काल हस्तक्षेप करती तो घटना को रोका जा सकता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सूचना पर आरपीएफ एएसआई दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक