पति से विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान
पति के मुंबई रवाना होने के बाद सूने घर में मिला शव
बांदा, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहा कलां गांव में पति से विवाद के बाद एक महिला ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि अभी मायके पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खप्टिहा कलां निवासी विमल वर्मा ने बताया कि उसकी 28 वर्षीय चाची लक्ष्मी वर्मा पत्नी राहुल वर्मा ने मंगलवार को सुबह घर की अटारी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिवार के आठ वर्षीय बच्चे निर्भय ने अंदर जाकर देखा तो लक्ष्मी का शव फंदे पर लटका मिला। उसने शोर मचाकर अपनी मां को जानकारी दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
बताया गया कि लक्ष्मी की सास गोमती वर्मा और ससुर गुरु प्रसाद वर्मा खेत में बने डेरे पर रहते हैं, जबकि लक्ष्मी अपने पति राहुल के साथ गांव में रहती थी। राहुल मजदूरी के लिए मुंबई जाने की तैयारी में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद राहुल मुंबई के लिए रवाना हो गया। रास्ते में ही उसे पत्नी के फांसी लगाने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह वापस लौट आया।
मृतका की तीन वर्षीय बेटी योग्यता है। घटना की सूचना पर बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव स्थित मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता शिवशरण ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी करीब छह वर्ष पहले राहुल के साथ हुई थी। आरोप है कि सास गोमती लक्ष्मी से नाक की नथुनी मांग रही थी, जिसे देने से वह मना कर रही थी। इसी बात को लेकर सास-बहू में विवाद हुआ था। पिता का आरोप है कि पति समेत ससुराल के तीन लोगों ने लक्ष्मी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।
चौकी प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि अभी मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह