सागर गुप्ता के परिवार को न्याय दिलाने का हर प्रयास करेंगे: अजय राय
कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में सागर गुप्ता के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय व हरसंभव सहायता दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करेगी। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शहीद मर्चेंट नेवी अफसर सागर गुप्ता के परिजनों से फोन पर बातचीत के दौरान कहीं।
कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने शास्त्री नगर स्थित मर्चेंट नेवी अफसर स्वर्गीय सागर गुप्ता के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की परिजनों से फोन पर बात कराई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
गौरतलब है कि ड्यूटी के दौरान यूक्रेन में हुए ड्रोन हमले में सागर गुप्ता की मृत्यु हो गई थी। परिजनों का कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सरकारी सहायता और आवश्यक सहयोग नहीं मिल सका है।
परिजनों ने अजय राय और पवन गुप्ता से मांग की कि सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियां प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही परिवार को आर्थिक सहायता, अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ कराई जाए। परिजनों ने यह भी मांग की कि निजी कंपनी से मिलने वाले मुआवजे के अलावा केंद्र और प्रदेश सरकार भी आर्थिक सहायता प्रदान करे।
अजय राय ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष उठाकर परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास करेगी। वहीं, पवन गुप्ता ने कहा कि परिवार की सभी मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
मुलाकात के दौरान सागर गुप्ता के भाई मनीष गुप्ता, उनकी पत्नी, सागर गुप्ता की पत्नी शालू गुप्ता, भतीजा लक्ष्य गुप्ता सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर कांग्रेस के भूपेंद्र भदौरिया, राकेश साहू, विनोद अवस्थी सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप