शहर में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता को और सुदृढ़ करेगा प्रबल हेल्थ सेंटर : न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान
प्रयागराज, 03 मई (हि.स.)। प्रबल हेल्थ सेंटर जैसे स्वास्थ्य केंद्र समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, जो लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।” यह बातें न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने रविवार को प्रबल हेल्थ सेंटर के उद्घाटन अवसर पर कहीं।
उन्होंने कहा कि शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए इस तरह की पहल सराहनीय है। शहर में रविवार को स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देने की दिशा में प्रबल हेल्थ सेंटर का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्र का उद्घाटन न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सक, नागरिक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. आशा सिंह, निदेशक आशा हॉस्पिटल तथा डॉ. सुजीत सिंह ने कहा कि प्रबल हेल्थ सेंटर की शुरुआत शहर में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता को और सुदृढ़ करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और पुरुषों की विशिष्ट स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होना मरीजों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा।
प्रबल हेल्थ सेंटर में स्त्री रोग एवं प्रसूति सेवाओं के साथ-साथ बांझपन (इन्फर्टिलिटी) से संबंधित विशेष उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यहां डॉ. काजल जैन मरीजों को परामर्श एवं उपचार देंगी। वहीं डॉ. शाश्वत सिंह पुरुषों से जुड़ी जटिल समस्याओं के उपचार में अपनी सेवाएं देंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नए स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शहर के लिए उपयोगी पहल बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल