अस्पताल में भर्ती बीमार पत्नी की दवा के लिए पैसे लेने आये युवक की मार्ग दुर्घटना में मौत
फर्रुखाबाद, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मुरास कन्हैया के पास शनिवार देर शाम को बाइक के साथ सड़क किनारे खड़े 25 वर्षीय युवक वाहन की टक्कर से घायल हो गया। रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अपनी बीमार पत्नी के इलाज के लिए घर से रुपये लेने आया था।
कानपुर देहात जिले के पुखरायां का रहने वाला अमित निषाद (25)
मृतक की पहचान अमित निषाद शुक्रवार को अपनी पत्नी रूबी को लेकर बहनोई आलोक प्रताप के यहां फर्रुखाबाद के पट्टी खुर्द आया था। किराए के मकान में रहने वाले बहनोई आलोक प्रताप ने बताया कि अमित की पत्नी रूबी को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत थी। उसे मुरास सादिकपुर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। इलाज के लिए रुपये की जरूरत पड़ने पर अमित बाइक से घर गया था। रुपये लेकर लौटते समय मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मुरास कन्हैया के पास शनिवार देर शाम को वह सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar