पत्नी को मौत के घाट उतार ठेकेदार पति फरार
फर्रुखाबाद, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित देवरामपुर में बुधवार को घरेलू विवाद में पति ने सिर में ईंट मारकर पत्नी की हत्या कर दी है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पति बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी पति ने कथित रूप से पत्नी के सिर पर भारी वस्तु अथवा ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कादरीगेट थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की है। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एएसपी गिरीश कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में हत्या के कारणों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar