मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलेगा : प्रकाश पाल
कानपुर, 02 जून (हि.स.)। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पांच जून से 21 जून तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। अभियान के तहत केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा तथा विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मीडिया संवाद, जनकल्याण शिविर, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और जनसंपर्क गतिविधियां अभियान का हिस्सा होंगी। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।
क्षेत्रीय मुख्यालय पर आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की समीक्षा की गई तथा आगामी अभियान की रूपरेखा तय की गई। प्रकाश पाल ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून से अभियान की शुरुआत होगी। कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचकर संवाद स्थापित करेंगे और योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि 13 और 14 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 14 से 16 जून तक विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान करने के साथ नए पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में प्रबुद्ध वर्ग, युवा और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं 18 और 19 जून को जनसंपर्क अभियान चलाकर समाज के विभिन्न प्रभावशाली लोगों से संपर्क और संवाद स्थापित किया जाएगा।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि 16 जून को आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि होंगे। वहीं 17 जून को आयोजित सम्मेलन में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडल स्तर पर आयोजित योग शिविरों के साथ किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप